



बाघमारा में ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी, लाखों के जेवरात और नकदी चोरी
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बाघमारा थाना क्षेत्र के डुमरा-गोमो मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित बीसीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल के समीप मंगलवार की रात अपराधियों ने भगवती अलंकार ज्वेलर्स में सेंधमारी कर सनसनी फैला दी। चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर प्रवेश किया और गैस कटर से लॉकर काटकर करीब 75 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपए नकदी लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह लगभग दस बजे घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पाकर बाघमारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा और तोपचांची सर्किल इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। खोजी कुत्ता भी मंगवाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सीआईडी क्राइम ब्रांच टीम से सुमन कुमार जांच में जुटे हैं और पुलिस गुप्त रूप से कई बिंदुओं पर काम कर रही है।

स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष गुडू कुमार ने पीड़ित दुकानदार श्रीकांत कुमार वर्मा से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। संघ ने कहा कि जिले में लगातार हो रही चोरी और छिनतई की घटनाओं से व्यापारी वर्ग आहत है और इसको लेकर आंदोलन किया जाएगा।
दुकानदार ने बताया कि चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने गैस कटर से लॉकर काटा और पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज रिसेट कर कैमरे का दिशा भी बदल दिया। पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई। भगवती अलंकार ज्वेलर्स में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां सेंधमारी कर चोरी हो चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं से इलाके के व्यापारियों में नाराजगी और दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात में बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।




