
बड़कीटांड़ जंगल में पेड़ से टकराई बाइक, दो भाइयों की मौत
मैट्रिक परीक्षा खत्म होने के बाद मधुबन घूमने गए थे दोनों मित्र, लौटने के क्रम में हुआ हादसा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग पर बड़कीटांड़ जंगल के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो फुफेरे भाइयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक (JH 11 AP-5687) अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पलागंज निवासी मुरारी सिंह (15 वर्ष), पिता दयानंद सिंह और अहिल्यापुर मोड़, ताराटांड़ निवासी प्रियांशु कुमार सिंह (15 वर्ष), पिता स्व. पप्पू सिंह के रूप में हुई है।
पारसनाथ घूमने गए थे, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मुरारी और प्रियांशु भाई होने के साथ साथ गहरे दोस्त भी थे। मैट्रिक परीक्षा खत्म होने के बाद शुक्रवार को दोनों पारसनाथ मधुबन घूमने गए थे और वापस लौटते समय अहिल्यापुर मोड़ की ओर जा रहे थे। तभी बड़कीटांड जंगल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
अस्पताल में गूंजती रही परिजनों की चित्कार
जैसे ही हादसे की खबर परिजनों को मिली, वे गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे। वहां दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और मातम पसर गया। हर कोई इस अचानक हुए हादसे से स्तब्ध था।
गांव में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से पालगंज और अहिल्यापुर गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे इलाके में गमगीन माहौल है और लोग दोनों युवकों की असमय मौत पर शोक जता रहे हैं।