




बाबूलाल मरांडी ने जामा विधानसभा में की संगठनात्मक बैठक, कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन
डीजे न्यूज, दुमका : भारतीय जनता पार्टी दुमका के जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल की अध्यक्षता में जामा विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक सोमवार को जामा विधानसभा के महारो स्थित पंचायत भवन में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
अपने संबोधन में मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसके कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, आम जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनसंपर्क को और सशक्त करने पर विशेष बल दिया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।



