

बाबूलाल का गृह क्षेत्र होने के कारण तिसरी की पूजा कमेटियों के खिलाफ हुई प्राथमिकी, जाएंगे हाईकोर्ट
दुर्गा पूजा सह लक्खी पूजा कमिटी ने आरोप लगा दी चेतावनी
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी में बुधवार को दुर्गा पूजा सह लक्खी पूजा कमिटी के अध्यक्ष मनोज यादव की अध्यक्षता में तिसरी दुर्गा पूजा कमिटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से दुर्गा पूजा और लक्खी पूजा के अवसर पर भक्ति जागरण व अन्य सांस्कृत कार्यक्रम कराए जाने पर सीओ द्वारा तिसरी सहित प्रखंड के चार दुर्गा पूजा समितियों पर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस कार्रवाई के विरोध में कई तरह की रणनीति बनाई गई और हाई कोर्ट जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही 22 अक्टूबर को तिसरी के ग्रामीणों की बैठक आहुत की गई है। उक्त बैठक में आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा और दुर्गा पूजा में आए चंदा और खर्च का लेखा जोखा किया जाएगा। बैठक में मनोज यादव ने कहा कि लक्खी पूजा के मौके पर प्रशासनिक आदेश मिलने के उपरांत ही तिसरी दुर्गा मंदिर के मैदान में भक्ति जागरण का आयोजन किया गया था। दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे झारखंड में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। पूरे झारखंड में कहीं भी कार्यक्रम आयोजित करने पर किसी भी पूजा कमिटी पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के गृह प्रखंड होने के कारण तिसरी को टारगेट कर इस प्रखंड के चार पूजा कमिटियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जो घोर निंदनीय है। मुखिया किशोरी साव, मोहन बरनवाल, सुनील साव, यशवंत सिंह, पंकज साह, जानकी यादव, अजय यादव आदि कई लोग बैठक में उपस्थित थे।
