




अविश्वास प्रस्ताव में बुरी तरह मात खा गईं जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन 

19 वोट में 18 वोट राधारानी सोरेन के विरोध में पड़े, गई कुर्सी
डीजे न्यूज, जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को वर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान हेतु पीठासीन पदाधिकारी, जिला परिषद, जामताड़ा सह उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद की उपस्थिति में कार्रवाई संपन्न की गई।
पीठासीन पदाधिकारी जिला परिषद रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही के क्रम में उपस्थित सदस्यों से चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने विभागीय संकल्प में वर्णित प्रावधानों के संदर्भ में नियमानुसार अवगत कराया। इसके पश्चात मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें कुल उपस्थित 20 सदस्यों में कुल वैध मत 19 पड़े, जिसमें से अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल 18 मत पड़े, जबकि एक मत ब्लैंक रहा। पीठासीन पदाधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी में एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई है। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत तत्काल प्रभाव से वर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन को अध्यक्ष पद से विमुक्त कर दिया गया है, विभागीय नियमानुसार जल्द ही नए जिला परिषद अध्यक्ष के लिए चुनाव किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि कुल 23 सदस्यों को मतदान करना था। जिसमें 01 सांसद, 03 विधायक, 14 जिला परिषद सदस्य और 6 प्रखंड प्रमुख शामिल हैं, जबकि 01 जिप सदस्य के मृत्यु होने से पद रिक्त था। सांसद, दुमका नलिन सोरेन एवं मंत्री सह विधायक जामताड़ा डॉ. इरफान अंसारी द्वारा मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया गया।
इस मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि के अलावा जिला परिषद सदस्यगण, प्रखंड प्रमुख आदि मौजूद रहे।




