



अटल अभियान चीते समिति की ओर से भव्य रामनवमी का आयोजन
राम-सीता-लक्ष्मण व हनुमान बने कलाकारों ने मोहा मन
संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है रामनवमी: मेयर संजीव
डीजे न्यूज, धनबाद: रामनवमी के पावन अवसर पर अटल अभियान चीते समिति द्वारा विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें भगवा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में भगवान राम, माता सीता, भगवान लक्ष्मण एवं भक्त हनुमान के स्वरूप में सजे कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और आकर्षक वेशभूषा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर मेयर संजीव के छोटे भाई व जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कई अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर संजीव सिंह ने उपस्थित लोगों को रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा और सद्भाव की भावना मजबूत होती है तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह समेत निशांत सिंह, अनिमेष, रौशन, कृष्णा, पीयूष, हिमांशु, आकाश और निखिल सहित कई युवाओं की सराहनीय भूमिका रही।



