अपराध की योजना बनाते एक अपराधी गिरफ्तार, तीन फरार
देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, भूली का मामला
डीजे न्यूज, धनबाद: भूली में अपराध की योजना बना रहे अपराधकर्मियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सी ब्लॉक छठ घाट के पास सुनसान स्थान पर अपराधियों के जुटने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान तीन युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक के पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
शनिवार को धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला सी ब्लॉक छठ घाट के पास का है, जहां शुक्रवार की रात करीब 12 बजकर 5 मिनट पर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी हथियार के साथ किसी गंभीर अपराध की योजना बनाने के लिए जुटे हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, तो तीन युवक अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। वहीं, भागने के दौरान गिर जाने से एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान 23 वर्षीय आसिफ आलम के रूप में हुई है। वह निचितपुर टाउनशिप, शिव मंदिर के पास, ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो पैंट की कमर में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और बाएं पॉकेट से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कारतूस के पेंदे पर 8 एमएम KF लिखा हुआ है। इसके अलावा एक हल्के ऑरेंज कलर का MOTO EDGE 50 मोबाइल भी जब्त किया गया है।
हथियार का वैध कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
मामले में बैंकमोड़ थाना, भूली ओपी कांड संख्या 164/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 को BNS की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ब)ए, 26, 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आसिफ आलम का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बैंकमोड़ और चिरकुंडा थाने में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार तीनों युवकों की तलाश में जुटी है।