



अपर समाहर्ता ने मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स व राजकीय पॉलिटेक्निक में लिया तैयारियों का जायजा

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को लेकर अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने शुक्रवार को मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स तथा राजकीय पॉलिटेक्निक का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सबसे पहले अपर समाहर्ता ने मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में धनबाद नगर निगम तथा चिरकुंडा नगर परिषद के लिए चुनाव सामग्री के डिस्पैच की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बैलट बॉक्स व मैटेरियल रखने के स्थान का निरीक्षण किया तथा पर्याप्त संख्या में बेंच एवं डेस्क लगाने तथा पोलिंग पार्टी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, कार्मिक कोषांग, मेडिकल कैंप के लिए चिह्नित स्थानों पर स्पष्ट अक्षरों में साइनबोर्ड लगाने का निर्देश दिया।
इसके बाद अपर समाहर्ता ने राजकीय पॉलिटेक्निक में रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने रिसीविंग सेंटर के ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर एवं सेकंड फ्लोर में 11 निर्वाची पदाधिकारियों के अनुसार बनाए गए ब्रजगृह एवं काउंटिंग हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने ब्रजगृह से काउंटिंग हॉल तक मतपेटिका लेकर आने जाने वाले चुनाव कर्मियों के लिए बन रहे मार्ग, काउंटिंग हाल के पार्टीशन सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विनोद कुमार के साथ सहायक निर्वाची पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय, कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी नियाज अहमद, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा, सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार, आईटी मैनेजर रुपेश कुमार मिश्रा, बिजनेस एनालिस्ट आनंद कुमार पटेल, जिला उद्योग केंद्र के आदित्य चौधरी, डीआरडीबी के संतोष सिन्हा, राजस्व विभाग के सुशील कुमार सिन्हा, राम विलास राम व अन्य लोग मौजूद थे।




