
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उपायुक्त समेत सभी अधिकारियों ने किया योगाभ्यास, दिया नियमित योग करने का संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गिरिडीह नगर भवन में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के सभी वरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। यह आयोजन कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत किया गया, जिसमें जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों तक सभी स्थानों पर एक साथ योग किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव भाषण सभी अधिकारियों और कर्मियों ने सुना। इसके बाद जिला आयुष समिति के निर्देश में सभी ने नियमबद्ध ढंग से विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि, “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित योग बेहद जरूरी है। यह व्यायाम का एक प्रभावशाली तरीका है, जो शरीर, मन और आत्मा में समरसता लाने का काम करता है। योग इम्यूनिटी को मजबूत करता है और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में सहायक है। हमें इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि योग शारीरिक और मानसिक समस्याओं से निजात दिलाने में सहायक है और सभी को इसे अपनी दैनिक आदत में शामिल करने का अनुरोध किया। “योग से तन-मन में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है और यह हमें तमाम बीमारियों से बचाने में सहायक है,” उपायुक्त ने जोड़ा।
मौके पर पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, उप नगर आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन, जिला आयुष पदाधिकारी, पतंजलि संस्था के प्रतिनिधि समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित योग करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।