अंजली की शानदार बल्लेबाजी से देवघर ने हजारीबाग को 24 रनों से हराया
जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट के सुपर लीग मुकाबला
डीजे न्यूज, धनबाद : अंजली कुमारी के शानदार बल्लेबाजी की मदद से देवघर ने टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट के सुपर लीग मुकाबले में हजारीबाग को 24 रनों से हरा दिया।
बीती रात हुई बारिश के कारण मैदान व विकेट गीला रहने की वजह से मैच काफी देर से शुरू हुआ। इसमें भी 11-11 ओवरों का मैच निर्धारित किया गया। टास देवघर ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में उसने एक विकेट पर 84 रनों का अच्छा स्कोर खड़ा कर लिया। अंजली कुमारी 37 और जयमाला कुमारी 11 रन बनाकर अविजित रहीं। वहीं अवनी कुमारी 18 रन बनाकर रन आउट हो गईं। बाद में हजारीबाग चार विकेट पर 60 रन ही बना सका। फार्म में चल रहीं बल्लेबाज नंदनी कुमारी आज चल नहीं पाईं। सलोनी कुमारी ने 23 और आर्या शुभांगी ने दस रन बनाए। कल्पना कुमारी व गुलसबा को एक-एक विकेट मिला। देवघर की अंजली कुमारी को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मैच रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने प्रदान किया। मैच के अंपायर अनुज कुमार महतो व वकील अहमद और स्कोरर ज्ञान रंजन थे।