अनियंत्रित कार ने लोदना मोड़ पर ठेला विक्रेताओं को कुचला, दो घायल
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद :
झरिया थाना क्षेत्र के लोदना मोड़ स्थित बीच सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक स्विफ्ट डिजायर (संख्या JH10CP/1992) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ठेला लगाकर फल बेच रहे भोला साव को अपनी चपेट में लेते हुए घसीटकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में पास ही मौजूद एक अन्य ठेला संचालक भी घायल हुआ है, जिसका पैर टूटने की बात सामने आ रही है। भीड़भाड़ वाले इलाके में हादसा होते ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए पाटलिपुत्र नर्सिंग होम पहुंचाया।
बताया जाता है कि वाहन चला रहे चालक की पहचान बीसीसीएल कर्मी अजय पासवान के रूप में हुई है, जबकि गाड़ी लोदना एरिया कार्यालय के पूर्व हाजिरी बाबू नारायण गोप की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर थाना ले गई।
लोदना मोड़ बना हादसों का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों के अनुसार लोदना मोड़ पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। तीन दिशाओं के मिलन बिंदु होने के कारण यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क के दोनों किनारों पर ठेला, सब्जी और खाने-पीने की दुकानें लगने से रास्ता और संकरा हो जाता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
लोजपा के वरीय नेता रामानंद पासवान ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नियमित निगरानी और अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता है। उन्होंने धनबाद के उपायुक्त और मेयर से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।