अमरनाथ यात्रा से लौटे भाजपा नेता की प्रसाद बांटने जाने के क्रम में सड़क हादसे में मौत 

Advertisements

अमरनाथ यात्रा से लौटे भाजपा नेता की प्रसाद बांटने जाने के क्रम में सड़क हादसे में मौत

संग्रामडीह में खड़े हाइवा से टकराई कार, हादसे के बाद तीन घंटे तक टुंडी-गिरिडीह मुख्य मार्ग बाधित

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर स्थित संग्रामडीह विवेक लाइन होटल के समीप शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यसमिति सदस्य अश्विनी मंडल (35 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य पथ को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा।

अश्विनी मंडल बरवाटांड़ गांव निवासी थे और हाल ही में अमरनाथ यात्रा से लौटे थे। यात्रा के बाद प्रसाद वितरण हेतु वे अपनी सिविक कार से टुंडी आए थे। लौटते समय उनकी गाड़ी संग्रामडीह स्थित एक होटल के सामने खड़े हाइवा वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप, सड़क जाम

हादसे के बाद टुंडी भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष साव, मुखिया संघ अध्यक्ष विजय मंडल, जिप प्रतिनिधि गुरुचरण बास्की, मुखिया जयनारायण मंडल सहित स्थानीय ग्रामीणों ने घटना स्थल पर पहुंचकर होटल संचालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि होटल संचालक कामेश्वर मंडल अक्सर अपनी दबंगई दिखाते हुए सड़क पर भारी वाहनों को खड़ा करवाता है, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

प्रदर्शन के दौरान होटल संचालक और भीड़ के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

प्रशासन और सांसद के आश्वासन पर हटा जाम

सूचना मिलते ही टुंडी थानेदार उमाशंकर, अंचलाधिकारी जितेन्द्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए धनबाद के सांसद ढुलू महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा व अन्य सहायता दिलाने का आश्वासन प्रशासन को दिलाया। इसके बाद जाम हटाया गया। मृतक अश्विनी मंडल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। उनके घर में मातम पसरा है और स्वजनों के करूण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।

यह हादसा न सिर्फ एक युवा सामाजिक कार्यकर्ता की असमय मौत है, बल्कि लापरवाह वाहन खड़ी करने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल भी खड़ा करता है। प्रशासन से ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top