अजीबाद में ईद मिलन समारोह, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिया एकता और सद्भाव का संदेश 

Advertisements

अजीबाद में ईद मिलन समारोह, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिया एकता और सद्भाव का संदेश 

डीजे न्यूज,पीरटांड़ (गिरिडीह): प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शनिवार को ईद का त्योहार पूरे हर्षोल्लास, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।

इसी क्रम में राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार पीरटांड़ प्रखंड के अजीबाद गांव पहुंचे, जहां आयोजित ईद मिलन समारोह में उन्होंने शिरकत की। उन्होंने उपस्थित लोगों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट करने का कार्य करता है।

मंत्री ने समारोह के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने इफ्तार पार्टी में शामिल होकर रोजेदारों के साथ समय बिताया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में ईद को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बच्चों और युवाओं में खासा जोश देखा गया। जगह-जगह मिठाइयों का वितरण किया गया और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाई दी।

प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top