अच्छे डॉक्टर के साथ अच्छे इंसान बनें : द्रौपदी मुर्मू

Advertisements

अच्छे डॉक्टर के साथ अच्छे इंसान बनें : द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति ने एम्स देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह में दी प्रेरणादायक सीख, झारखंड के स्वास्थ्य सुधार में योगदान का किया आह्वान

डीजे न्यूज, देवघर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को एम्स देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भावुक और प्रेरणादायक संबोधन दिया। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम की पावन नगरी में उपस्थित होकर उन्होंने इसे विशेष सौभाग्य बताया और कहा कि एम्स देवघर जैसे संस्थान झारखंड सहित पूरे देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई रोशनी फैलाने वाले दीप-स्तम्भ हैं।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि आपको सिर्फ कुशल डॉक्टर नहीं, बल्कि अच्छे इंसान भी बनना है। अपने व्यवहार में सहानुभूति और संवेदनशीलता रखें। मरीज़ के साथ आपका संवाद ही उसे आधा स्वस्थ कर देता है।उन्होंने एम्स देवघर की उपलब्धियों और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही, विद्यार्थियों से Inclusive Healthcare को जीवन का सिद्धांत बनाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर दूरदराज़ के गांवों तक सेवा पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि झारखंड में नवजात शिशु मृत्यु दर, सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया जैसी चुनौतियों से निपटने में एम्स देवघर की अहम भूमिका है। उन्होंने संस्थान को स्वास्थ्य से जुड़े Sustainable Development Goals में राज्य और देश को आगे बढ़ाने का ‘अनौपचारिक लक्ष्य’ भी सौंपा।

उन्होंने खुशी जताई कि इस दीक्षांत समारोह में पदक प्राप्त करने वाले चार विद्यार्थियों में दो बेटियां हैं और एम्स देवघर में छात्राओं की संख्या अब लगभग छात्रों के बराबर हो गई है। समारोह में राष्ट्रपति ने उपाधि और पदक प्राप्त सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे एक महान चिकित्सा परंपरा के अग्रिम ध्वजवाहक बनें और अपने स्वर्णिम भविष्य के साथ देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दें। इस मौके पर राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी संबोधित किया। देवघर एम्स के कार्यकारी निदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ. सौरव वाष्णैय, चेयरमैन प्रो. एनके अरोड़ा ने भी संबोधित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top