




अबू धाबी में एक माह से घायल पड़ा है डुमरी का प्रवासी मजदूर राकेश महतो, कंपनी नहीं दे रही परिजनों को कोई अपडेट
परिवार में मचा कोहराम, सरकार से मदद की गुहार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडीह गांव निवासी तिलक महतो के 26 वर्षीय पुत्र राकेश महतो अबू धाबी में हुए एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार राकेश महतो अगस्त 2025 में KEC कंपनी में काम करने के लिए अबू धाबी गए थे, जहां 23 फरवरी को छत से गिरने के कारण वह बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के बाद से उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि कंपनी की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही है। इस वजह से परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है और वे गहरे सदमे में हैं।
घर पर स्थिति बेहद मार्मिक है। पत्नी रीना देवी अपनी सात माह की बेटी रिया कुमारी के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं मां केसिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि बेटे को कुछ हो गया तो बहू और बच्ची का जीवन संकट में पड़ जाएगा। वृद्ध माता-पिता के सामने रोजी-रोटी की भी समस्या खड़ी हो गई है।
इसी बीच अभिभावक एकता मंच के अध्यक्ष रामेश्वर महतो की सूचना पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकंदर अली पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पलायन एक बड़ी समस्या बन चुकी है और प्रवासी मजदूर लगातार संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि झारखंड में ही रोजगार के ठोस अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि युवाओं को रोज़गार के लिए दूसरे देशों या राज्यों में जाने को मजबूर न होना पड़े।



