



आवास आवंटन विवाद को लेकर राकोमसंघ का धरना, प्रबंधन ने दो दिनों में समाधान का दिया आश्वासन

डीजे न्यूज़ तिसरा,धनबाद :
लोदना क्षेत्र के एंटी एसटी में कार्यरत कर्मी हसनैन के नाम आवंटित आवास में दूसरे कर्मी के प्रवेश करने के विरोध में सोमवार को राकोमसंघ के बैनर तले क्षेत्रीय सचिव धर्मेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ लोदना क्षेत्रीय कार्यालय स्थित एपीएम गैलरी में धरने पर बैठ गए। यूनियन नेताओं ने एजेंट और प्रबंधक को एपीएम कक्ष में बुलाकर मामले पर बातचीत करने की मांग की और वहीं धरना देते रहे।
मामले की सूचना मिलने पर झरिया थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एजेंट, मैनेजर, यूनियन प्रतिनिधि और एपीएम के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने दो दिनों के भीतर कर्मी हसनैन को आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
क्या है मामला
राकोमसंघ के क्षेत्रीय सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रबंधन द्वारा हसनैन को लोदना मोड़ स्थित एल्युमिनियम क्वार्टर के पास रिटायर्ड कर्मी पी.के. रंजन का आवास उनके नाम से आवंटित किया गया था। लेकिन सोमवार को जयरामपुर प्रबंधन ने उसी आवास को रानी गोस्वामी के नाम से आवंटित कर उन्हें वहां रहने के लिए भेज दिया। इसको लेकर यूनियन ने प्रबंधन से आवास खाली कराने या हसनैन को किसी अन्य स्थान पर आवास देने की मांग की है।
प्रबंधन पर लगे गंभीर आरोप
धरना के दौरान यूनियन समर्थकों ने एजेंट और मैनेजर पर कई गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि जब आवास पहले ही किसी के नाम से आवंटित था तो प्रबंधन ने उसे किसी अन्य व्यक्ति को कैसे दे दिया। यूनियन नेताओं ने प्रबंधन पर आवास बेचने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए, जिससे प्रबंधन की काफी किरकिरी हुई।
धरना में यूनियन के क्षेत्रीय सचिव धर्मेंद्र सिंह, राजीव रंजन चौबे, रोहित सिंह, शक्ति सिंह, राधेश्याम यादव, संजय यादव, सुभाष साव, आरसी तिवारी, हसनैन सहित कई लोग मौजूद थे। वहीं प्रबंधन की ओर से एपीएम दीपक सिंह, एजेंट अनिल कुमार, प्रबंधक एस. शील, धौड़ा सुपरवाइजर भोला चौहान, पिंकू पासवान आदि उपस्थित थे।



