आउटसोर्सिंग कंपनी की वाहन के चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
आकाशकिनारी जीटीए पैच में हुआ हादसा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के
गोविंदपुर क्षेत्र अंर्तगत आकाशकिनारी में संचालित जीटीए आउटसोर्सिंग पैच के हॉल रोड में शनिवार अहले सुबह वाहन की चपेट में आने से कैलूडीह 11 नंबर निवासी मधुसूदन यादव (55) की मौत हो गई। सूचना पाकर कतरास थानेदार प्रवीण कुमार अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पुत्र भीम यादव के मुताबिक वह शौच के लिए पैच की ओर गए थे। इसी क्रम में आउटसोर्सिंग कंपनी के वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ वहां जुट गई। पार्षद मो. शहाबुद्दीन, विकास बजरंगी, रघुनाथ हजारी, राजकुमार दास, मेराज, बबलू, समेत अन्य लोग भी वहां पहुंचे। स्थानीय नागरिकों के साथ मृतक के परिजन मुआवजा की मांग को लेकर शव के साथ धरना दिया। इस दौरान कंपनी का कामकाज ठप पड़ गया। घंटों बाद आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रतिनिधि के साथ वार्ता हुई। वार्ता में कंपनी के प्रावधान के तहत मिलने वाली सुविधाएं देने पर सहमती बनी। तब जाकर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।