



आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों को योजनाओं का लाभ दें : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में जिला पुनर्वास समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। उपायुक्त रामनिवास यादव ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे उग्रवादियों को सरकार द्वारा निर्धारित योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आत्मसमर्पित उग्रवादियों के पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। इसलिए उनके पुनर्वास से संबंधित सभी लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और आवश्यक कागजी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए।



