



आरएसएस और बीजेपी को गांधी, गांव और गरीब से नफरत है: राजेश ठाकुर

डीजे न्यूज, धनबाद: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने की प्रक्रिया पर कहा कि यह मनरेगा योजना का केवल नाम बदलने का मामला नहीं है बल्कि दुनिया के सबसे बड़ी रोजगार योजना की योजनावद्ध हत्या है। पूर्व अध्यक्ष शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीणों को काम मांगने का कानूनी अधिकार दिया, 100 दिनों के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित और विकेंद्रीकृत शासन को मजबूत कर महिलाओं और भूमिहीनों को सशक्त बनाया। इस अधिनियम से महात्मा गांधी का नाम हटाना एक साजिश और षड्यंत्र से कम नहीं है। महात्मा गांधी श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और गरीबों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी की प्रतीक रहे हैं। मनरेगा का नाम परिवर्तन की प्रक्रिया महात्मा गांधी के मूल्यों के प्रति भाजपा और आरएसएस की असहजता और अविश्वास को दर्शाता है। साथ साथ भाजपा सरकार के द्वारा भारतीय इतिहास के एक जन केंद्रित कल्याणकारी कानून से राष्ट्रपिता के जुड़ाव को मिटाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना भारत के लिए संजीवनी साबित हुआ है। इसके बावजूद इस ऐतिहासिक योजना का नाम बदलना मोदी सरकार की निम्नस्तरीय मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस की स्कीमों का नाम बदलकर उनको अपना बना लेने की मोदी जी की पुरानी मंशा रही है। मोदी सरकार देश में ऐतिहासिक कार्य करने के बजाय सिर्फ और सिर्फ यूपीए की स्कीमों का नाम बदल अपना ठप्पा लगाकर अपने को पब्लिसिटी करने के साथ-साथ लोगों को दिग्भ्रमित करने का काम किया है। बीजेपी महात्मा गांधी जी को लोगों की स्मृति से मिटाने की कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी।
उन्होंने कहा कि 05 जनवरी को राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाव अभियान के तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा महात्मा गांधी जी के प्रतिमा स्थल मोरहाबादी, रांची से लोकभवन (राजभवन) तक पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित की गई है। उक्त कार्यक्रम में भारी से भारी संख्या में लोग जुड़ेंगे और कार्यक्रम ऐतिहासिक होगी। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से भारी से भारी संख्या में पहुंचकर उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया!
मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदेश डेलीगेट मनोज यादव, झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, राशिद राजा अंसारी, योगेंद्र सिंह योगी, लक्ष्मण तिवारी, नवनीत नीरज, पप्पू कुमार तिवारी, महेंद्र दुबे , गोपाल कृष्ण चौधरी, आदित्य आनंद, मधुसूदन सिंह चौधरी, जयप्रकाश चौहान, मृत्युंजय सिंह, अनु पासवान, रमेश राय, सत्यानंद पांडे, फ़ैज़ अहमद, गौतम पासवान सहित दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद थे!




