

























































आजादी की लड़ाई में अपनी भूमिका से नई पीढ़ी को अवगत कराएगी कांग्रेस

140वें स्थापना दिवस पर पंचायतों में एवं पंचायत कमिटी के पदाधिकारियों के घरों पर लगेगा कांग्रेस का झंडा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : स्थानीय परिसदन में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रखंड अध्यक्षों और जिला पदाधिकारी की बैठक झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी 28 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी के स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर सभी पंचायत में और पंचायत कमेटी के पदाधिकारी के घरों पर पार्टी का झंडा फहराने को लेकर सभी प्रखंड अध्यक्षों के बीच झंडा वितरण किया गया। सभी को दिशा निर्देश दिए गए कि आजादी से पहले और अब तक किए गए पार्टी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। कारण, आज देश में नई पीढ़ी आ गई है जो आजादी में कांग्रेस के किए गए कार्यों से अनजान है। वर्तमान केंद्रीय सत्ता दुष्प्रचारों से उन्हें दिगभ्रमित कर रहा है। ऐसे युवाओं को हकीकत से रूबरू कराना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही साथ जिले में संगठन के चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्षों का अभिनंदन भी किया गया। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया के मुख्य संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें।

जनता के कार्यों पर दें ध्यान, तभी कांग्रेस की ओर होंगे आकर्षित : भूपेंद्र मरावी
सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि गिरिडीह जिला में कांग्रेस काफी मजबूत है लेकिन अभी हमें और भी बहुत कुछ करना है। राहुल गांधी लगातार पार्टी को मजबूत करने के लिए भाजपा के भ्रामक प्रचार के खिलाफ पूरे भारतवर्ष में जनता को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। ऐसे में हमारा भी फर्ज बनता है कि हम भी पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार जमीन पर कम करें और जनता के कार्यों की ओर ध्यान दें ताकि जनता हमारी और आकर्षित हो सके।
पेसा कानून लागू करना बड़ी उपलब्धि, अब ग्राम प्रधान होगा गांव का मालिक : बंधु तिर्की
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भी कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि हमारी झारखंड सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है। अभी जो पेसा कानून हमारी सरकार ने पास किया है वह गांधी जी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें ग्राम पंचायत ही ग्राम का मालिक होगा और अपने स्थानीय परंपराओं के अनुसार अपने कानून का निर्माण करेगा।
बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा हर हाल में होगी : सतीश केडिया
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि गिरिडीह में लगातार पार्टी का संगठन मजबूत हो रहा है। हमारे लिए पार्टी के बूथ लेवल के जो कार्यकर्ता हैं वह सबसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं। वही पार्टी को मजबूती प्रदान करते हैं और वही बूथ पर हमारे लिए लड़ते हैं। इसलिए उनके सम्मान की रक्षा हर हाल में की जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जमुआ प्रखंड अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, देवरी प्रखंड अध्यक्ष मनोज राय, धनवार प्रखंड अध्यक्ष निरंजन तिवारी, सरिया प्रखंड अध्यक्ष अभिनंदन प्रताप सिंह, गिरिडीह प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद निजामुद्दीन, पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष धनंजय गोस्वामी, डुमरी प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर मंडल, गांव प्रखंड अध्यक्ष रणधीर चौधरी, बिरनी से इतवारी वर्मा, तिसरी से सचिन यादव, बेंगाबाद से अर्जुन यादव, नरेश वर्मा, अजय सिन्हा, गायत्री देवी, विमल सिंह, अशोक विश्वकर्मा, पप्पू विश्वकर्मा, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सोहेल इराकी, धनवार विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मोहम्मद निजामुद्दीन, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष विनीत भास्कर, यश सिन्हा, पंकज सागर, त्रिभुवन, मोहम्मद अली खान, बिलाल हुसैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।



