




आइआइटी -आइएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा हुए ‘ओम प्रकाश भसीन अवॉर्ड’ से सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के लिए गर्व की बात है कि इसके निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को इंजीनियरिंग (एनर्जी व एयरोस्पेस सहित) के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘श्री ओम प्रकाश भसीन अवॉर्ड 2023’ के लिए चुना गया है।
यह अवॉर्ड स्वर्गीय ओम प्रकाश भसीन की स्मृति में दिया जाता है और साइंस एंड टेक्नोलॉजी में नेशनल डेवलपमेंट पर असर डालने वाले महत्वपूर्ण कार्यों को मान्यता देता है। इसके तहत 1 लाख रुपये की राशि, सिटेशन और प्लाक प्रदान किया जाता है। इस अवॉर्ड को पहले डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम, डॉ. राजा रमन्ना, डॉ. के. कस्तूरीरंगन, प्रो. के. एल. चोपड़ा, डॉ. आर. ए. माशेलकर और डॉ. के. एस. नरसिम्हन जैसे दिग्गज वैज्ञानिकों को भी मिल चुका है।
प्रो. मिश्रा को पावर सिस्टम्स, रिन्यूएबल एनर्जी इंटीग्रेशन और स्मार्ट ग्रिड टेक्नोलॉजी में उनके अग्रणी कार्यों के लिए यह सम्मान दिया गया है, जो देश के सस्टेनेबल एनर्जी फ्यूचर के लिए बेहद अहम माने जाते हैं।
प्रो. मिश्रा एक जाने-माने एकेडेमिशियन और एडमिनिस्ट्रेटर हैं। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का कार्यभार संभालने से पहले वे आईआईटी दिल्ली में एसोसिएट डीन (आर एंड डी) और अबू धाबी कैंपस में डीन जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत संबलपुर यूनिवर्सिटी से की थी और बाद में बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में भी योगदान दिया।
उन्हें इससे पहले आईएनएसए यंग साइंटिस्ट मेडल, आईएनएई यंग इंजीनियर अवॉर्ड, नासी-रिलायंस प्लेटिनम जुबिली अवॉर्ड और आईएनएई आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवॉर्ड जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं। वे IEEE, INAE और NASI के फेलो भी हैं।
प्रो. मिश्रा ने इंडस्ट्री के साथ भी सक्रिय रूप से काम किया है और टाटा पावर, माइक्रोटेक जैसी कंपनियों से जुड़े रहे हैं। वे सिलोव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक भी हैं।
यह उपलब्धि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है।



