




आईएसएम गेट के पास सड़क हादसा में सहायक अवर निरीक्षक की मौत
दुमका सीआइडी में योगदान देने जा रही थी शैलू प्रभा
डीजे न्यूज, धनबाद: आईएसएम गेट के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुमका सीआईडी में पदस्थापित एएसआई शैलू प्रभा जयंती तिर्की की मौत हो गई। वह अपने पति सुरेश उरांव के साथ बाइक से रांची से धनबाद होते हुए दुमका जा रही थीं, जहां उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करनी थी।
बताया जा रहा है कि शैलू प्रभा जयंती तिर्की सरहुल पर्व मनाने के लिए अपने घर रांची के मोरहाबादी सरायटांड़ आई हुई थीं। पर्व समाप्त होने के बाद वह सोमवार को अपने पति के साथ बाइक से वापस दुमका लौट रही थीं।
इसी दौरान धनबाद के आईएसएम गेट के पास सड़क पर अचानक एक ओर से आ रही ऑटो और दूसरी ओर से बाइक के बीच टक्कर की स्थिति बन गई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के कारण शैलू प्रभा जयंती तिर्की बाइक से गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में उनके पति सुरेश उरांव को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।



