
राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर पीडीएस डीलरों ने जताई नाराजगी, डीएसओ से की शिकायत
डीएसडी द्वारा ऑनलाइन डिस्पैच दिखाकर नहीं दी गई खाद्यान्न सामग्री
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शनिवार को ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी से मिला और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। फेडरेशन के प्रदेश सचिव सह जिला अध्यक्ष राजेश कुमार बंसल के नेतृत्व में डीलरों ने राशन आपूर्ति में हो रही गड़बड़ियों पर नाराजगी जताई।
डीलरों ने बताया कि अप्रैल माह के अंतिम दिनों में कई डीलरों को खाद्यान्न नहीं मिला, जबकि डोर स्टेप डिलीवरी (डीएसडी) के संवेदक द्वारा ऑनलाइन खाद्यान्न भेजे जाने का रिकॉर्ड दिखाया गया है। इस गड़बड़ी से डीलरों को न केवल वितरण में बाधा आ रही है, बल्कि गरीब लाभुक भी समय पर राशन से वंचित हो रहे हैं।
शिष्टमंडल ने मांग की कि डीएसडी की मनमानी पर रोक लगाई जाए और हर डीलर को समय पर खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी ने समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान का भरोसा दिया।