लुगू पहाड़ मुठभेड़ में मारा गया पीरटांड़ का नक्सली साहेब राम मांझी, गांव में पसरा सन्नाटा

Advertisements

लुगू पहाड़ मुठभेड़ में मारा गया पीरटांड़ का नक्सली साहेब राम मांझी, गांव में पसरा सन्नाटा

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): बोकारो जिले के लुगू पहाड़ में सोमवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पीरटांड़ प्रखंड के चिलगा पंचायत अंतर्गत करणदो निवासी साहेब राम मांझी के मारे जाने की खबर है। चिलगा मुखिया पति संजय मरांडी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीरटांड़ पुलिस की ओर से सूचना दी गई है कि साहेब राम मुठभेड़ में मारा गया है। फिलहाल शव की पुष्टि और पहचान के लिए परिजन बोकारो रवाना होंगे।

 

मुठभेड़ में साहेब राम के मारे जाने की सूचना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सोमवार को गांव का नजारा बदला-बदला दिखा। लोग झुंड में बैठे जरूर दिखे, लेकिन कोई भी इस विषय पर खुलकर कुछ कहने से बच रहा था। आसपास के लोगों के चेहरे और मौन से साफ जाहिर हो रहा था कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिल चुकी है।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि साहेब राम के तीन बेटे और एक बेटी है। दो बेटे बाहर काम करते हैं, जबकि छोटा बेटा करणदो स्कूल में पढ़ाई करता है। गांव से दूर के कुछ लोगों ने पुष्टि की कि मुठभेड़ में मारे गए व्यक्ति की पहचान साहेब राम मांझी के रूप में की जा रही है।

 

सूत्रों के अनुसार, साहेब राम 15 लाख का इनामी नक्सली था। बीते वर्षों में कई बार पुलिस अधिकारियों द्वारा उसके घर जाकर सरेंडर पॉलिसी की जानकारी दी गई थी। तत्कालीन एसपी दीपक शर्मा, वर्तमान एएसपी, एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारी कई बार उसके स्वजनों से संपर्क कर चुके थे और सरेंडर करने को कहा था। अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि उसने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसका अंत निश्चित है। लेकिन इसके बावजूद साहेब राम ने आत्मसमर्पण नहीं किया और अंततः सोमवार को मुठभेड़ में मारा गया।

 

पीरटांड़ प्रखंड में यह इस वर्ष की तीसरी घटना है जब किसी नक्सली की मौत हुई हो। इससे पूर्व धावाटांड़ और चतरो के एक-एक नक्सली पेंक थाना क्षेत्र में मारे गए थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top