जेएसएलपीएस अंतर-जिला प्रतियोगिता में धनबाद बना स्टेट चैंपियन
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘अंतर-जिला प्रतियोगिता 2026’ में धनबाद जिले ने 100 में से 82.45 अंक प्राप्त कर राज्य भर में प्रथम स्थान हासिल किया है और ‘स्टेट चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया है।
धनबाद जिले की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेएसएलपीएस के डीपीएम सुदिप्ता बनर्जी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि धनबाद जिले ने विशेष रूप से ‘स्वयं सहायता समूह कट-ऑफ’ और ‘ग्राम संगठन के नियमित लेन-देन’, दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता का परिचय दिया है।
वहीं इस उपलब्धि पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय टीमों, सामुदायिक संस्थानों और कैडरों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर टीमों के बेहतर समन्वय और निरंतर प्रयासों से ही यह सफलता संभव हो पाई है।
उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरायकेला खरसावां ने 79.48 अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा साहिबगंज ने 66.83 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है।