बिरसा मुंडा जयंती पखवाड़ा पर प्रशासन की साइकिल रैली, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से साइकिलिंग रैली निकाली गई। झंडा मैदान से उसरी वाटरफॉल तक आयोजित इस रैली में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार एवं पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों ने साइकिल चलाकर लोगों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल साधनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा हमें झारखंड के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर देता है। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। बढ़ते प्रदूषण के दौर में साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। वहीं पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने वन संपदा एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
उसरी वाटरफॉल तक आयोजित इस साइकिलिंग कार्यक्रम के माध्यम से प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।