गिरिडीह में सड़कें नहीं, अतिक्रमण का अड्डा : फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर जाम, पैदल चलना हुआ जान जोखिम-अब CM दरबार में पहुंचा मामला

गिरिडीह में सड़कें नहीं, अतिक्रमण का अड्डा : फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर जाम, पैदल चलना हुआ जान जोखिम-अब CM दरबार में पहुंचा मामला

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह शहर अब चलने लायक नहीं रहा। सड़कें अतिक्रमणकारियों के कब्जे में हैं, फुटपाथ दुकानों में बदल गए हैं और चौक-चौराहे अनियंत्रित पार्किंग के अड्डे बन गए हैं। आम नागरिक अपने ही शहर में पैदल चलने के अधिकार के लिए तरस रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग मजबूरन मौत के साये में मुख्य सड़क पर चलने को विवश हैं।

इस बदहाल व्यवस्था के खिलाफ अब आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है। सुनील कुमार खंडेलवाल ने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री के पास विधिवत शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत को आवश्यक कार्रवाई हेतु कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के संयुक्त सचिव श्री आसिफ हसन के पास अग्रसारित किया गया है।

फुटपाथ निजी संपत्ति नहीं, जनता का अधिकार है

खंडेलवाल ने दो टूक कहा – सार्वजनिक सड़कें एवं फुटपाथ किसी व्यक्ति अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठान की निजी संपत्ति नहीं हैं। संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 के तहत समानता तथा जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के संवैधानिक संरक्षण की भावना के अनुरूप नागरिकों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सर्वोच्च न्यायालय भी नागरिकों के जीवन, आजीविका एवं सार्वजनिक स्थलों को लेकर स्पष्ट सिद्धांत दे चुका है।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिक अभियान चलाना, फोटो खिंचवाना और फिर भूल जाना अब नहीं चलेगा। जरूरत है पूरे शहरी क्षेत्र का व्यापक सर्वेक्षण, नियमानुसार अवैध कब्जा हटाने, व्यवस्थित पार्किंग और चौक-चौराहों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन की।

खंडेलवाल की 6 मांगें – अब बहाना नहीं, कार्रवाई चाहिए

1. *पूरे शहर का सर्वेक्षण* कर नियमानुसार अवैध कब्जे हटाए जाएं।

2. *फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त* कर पैदल यात्रियों को सौंपा जाए।

3. *व्यवस्थित पार्किंग स्थल* बनाकर सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगे।

4. *प्रमुख जाम स्थलों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती* हो।

5. *अतिक्रमण नियंत्रण के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था* लागू हो।

6. *जिला प्रशासन एवं नगर निगम को समयबद्ध कार्रवाई के लिए जवाबदेह* बनाया जाए।

खंडेलवाल ने सरकार से साफ आग्रह किया है कि इस मामले को केवल विभागीय पत्राचार, फाइलों के आदान–प्रदान तक सीमित न रखा जाए। गिरिडीह की धरातलीय स्थिति में वास्तविक सुधार हो और की गई कार्रवाई की तथ्यात्मक अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

 

उन्होंने कहा – शहर का विकास केवल सड़कें बनाने से नहीं, बल्कि उन सड़कों पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने से होता है। आम नागरिक को अपने ही शहर में पैदल चलने और सुरक्षित घर पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़े, यह किसी भी विकसित शहर की पहचान नहीं हो सकती।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top