जेबीवीएनएल प्रबंधन के खिलाफ ऊर्जा मित्रों का फूटा आक्रोश, अर्धनग्न प्रदर्शन कर निपटारे की मांग की

जेबीवीएनएल प्रबंधन के खिलाफ ऊर्जा मित्रों का फूटा आक्रोश, अर्धनग्न प्रदर्शन कर निपटारे की मांग की

डीजे न्यूज, धनबाद: बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर धनबाद में ऊर्जा मित्रों का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर उतर आया। झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्रों ने अर्धनग्न प्रदर्शन कर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में लाल झंडे और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर अपने लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग की।
ऊर्जा मित्रों का कहना है कि वे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं के मीटर रीडिंग और बिलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का लगातार निष्पादन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण ऊर्जा मित्रों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल होता जा रहा है। इसी उपेक्षा के विरोध में उन्होंने अर्धनग्न प्रदर्शन कर निगम प्रबंधन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन की शुरुआत जेबीवीएनएल के धनबाद अंचल कार्यालय से हुई। यहां से ऊर्जा मित्रों ने विरोध मार्च निकाला, जो जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक मुख्यालय तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धनबाद और चास अंचल के ऊर्जा मित्रों के लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग उठाई।
मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा और वरिष्ठ अधिवक्ता  राधेश्याम गोस्वामी  ने कहा कि ऊर्जा मित्र पूरी जिम्मेदारी के साथ बिजली विभाग के कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनके मेहनताने का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधन से बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान करने और ऊर्जा मित्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
ऊर्जा मित्रों ने चेतावनी दी कि उनके बकाया मानदेय का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब देखना यह है कि ऊर्जा मित्रों के इस विरोध प्रदर्शन के बाद जेबीवीएनएल प्रबंधन उनकी मांगों पर कब तक ठोस पहल करता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top