एसएफआई ने मौलाना आजाद को किया याद, मौलाना आज़ाद के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान
डीजे न्यूज, रांची:
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं प्रख्यात शिक्षाविद मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती आयोजित की गई। कार्यक्रम में मौलाना आज़ाद के जीवन, उनके संघर्षों, शिक्षा के प्रति उनके योगदान तथा देश की गंगा-जमुनी तहजीब, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य वारिस कुरैशी, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, अमल आज़ाद, एआईएसएफ रांची की जिला अध्यक्ष एहतेशाम परवीन , सैयद फ़राज़ अब्बास, अधिवक्ता निषाद , अकरम राशिद, प्रतीक मिश्र, समीर दास, विरेन्द्र कुमार प्रफुल्ल लिंडा समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का जीवन देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और वैज्ञानिक एवं आधुनिक शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा को समाज में बदलाव और समानता स्थापित करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम माना। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव रखने में उनका ऐतिहासिक योगदान था।
वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में जब शिक्षा का निजीकरण और भगवाकरण कर समाज में विभाजन पैदा किया जा रहा है। ऐसे समय में मौलाना आज़ाद के विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए शिक्षा को सबके लिए सुलभ बनाना तथा देश की साझी संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने इस तथ्य को भी रेखांकित किया कि जब भारत को स्वतंत्रता दिए जाने के विषय पर बात करने 1946 में लंदन से कैबिनेट मिशन आया उस वक्त भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मौलाना आजाद थे। उन्होंने कांग्रेस के अंदर भारत को एकजुट रखने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिया। जिसमें भारत के एक फेडरल ढांचे के अंतर्गत सभी प्रांतों को व्यापक स्वायत्तता और केंद् के पास केवल – विदेश नीति, रक्षा और संचार रखने की बात कही गई थी। यह प्रस्ताव भारत की एकता का प्रस्ताव था लेकिन मुस्लिम लीग जिन्ना समेत कांग्रेस के एक हिस्से ने इसे मानने से इंकार कर दिया, जबकि महात्मा गांधी इससे सहमत थे।
गोष्ठी में उपस्थित सभी वक्ताओं ने युवाओं और छात्र समुदाय से मौलाना आज़ाद के विचारों को आत्मसात करने तथा एक समतामूलक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष समाज के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की।