दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में बुजुर्ग की मौत, तीन युवक गंभीर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पचंबा थाना क्षेत्र के नावाडीह में मंगलवार को दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में 76 वर्षीय बुजुर्ग रामेश्वर महतो की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक मकतपुर स्थित लाइफ लाइन जांच घर के संचालक थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, नावाडीह निवासी रामेश्वर महतो रोज की तरह मंगलवार को भी अपनी बाइक से घर से मकतपुर स्थित जांच घर खोलने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामेश्वर महतो समेत दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामेश्वर महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीनों घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामेश्वर महतो की असामयिक मौत से परिवार सहित पूरे परिचित वर्ग में शोक की लहर है।