जयराम महतो पर टिप्पणी के खिलाफ JLKM कार्यकर्ताओं में उबाल, पीरटांड़ में सांसद ढुल्लू महतो का पुतला फूंका
डीजे न्यूज,पीरटांड़,गिरिडीह : डुमरी विधायक सह JLKM सुप्रीमो जयराम महतो पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर JLKM कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी विरोध में बुधवार को पीरटांड़ प्रखंड के चिरकी में JLKM युवा मोर्चा की ओर से युवा संवाद सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। वहीं, प्रखंड कमेटी ने गाजो महतो के नेतृत्व में धनबाद सांसद का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
चिरकी में आयोजित समारोह की संयुक्त अध्यक्षता युवा मोर्चा के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष आशीष महतो और पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष गाजो महतो ने की। कार्यक्रम में संगठन की आगामी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए गांव और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं से एकजुट होकर झारखंड के ज्वलंत मुद्दों पर मुखर होने और राज्य के हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस दौरान धनबाद सांसद ढुल्लू महतो द्वारा जयराम महतो के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की गई। नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है और इसका विरोध जारी रहेगा।
इधर, कार्यक्रम के बाद JLKM प्रखंड कमेटी की ओर से धनबाद सांसद का पुतला दहन किया गया। इस दौरान केंद्रीय महासचिव सुरेंद्र महतो मुख्य रूप से मौजूद रहे। मौके पर नरेश महतो, राजकिशोर पटेल, उमेश कुमार, जीतू महतो, पप्पू महतो, पूरन मांझी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समारोह का समापन झारखंड के हितों की रक्षा, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।