उत्क्रमित मध्य विद्यालय घसकरीडीह में तोड़ा कार्यालय का ताला, असामाजिक तत्वों से विद्यालय की सुरक्षा पर सवाल

उत्क्रमित मध्य विद्यालय घसकरीडीह में तोड़ा कार्यालय का ताला, असामाजिक तत्वों से विद्यालय की सुरक्षा पर सवाल

डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : देवरी थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय घसकरीडीह में बुधवार की रात असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय कार्यालय का ताला तोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कंचन चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना देवरी थाना को दे दी गई है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय परिसर में शाम पांच-छह बजे के बाद से ही शरारती और शराबी तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विद्यालय परिसर में बैठकर शराब पीते हैं और परिसर को नुकसान पहुंचाते हैं। इस तरह की घटनाओं से विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ बच्चों के भविष्य और शैक्षणिक माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले फरवरी महीने में भी विद्यालय से चार सोलर प्लेट चोरी हो गई थीं। उस घटना की सूचना भी पुलिस को दी गई थी। सोलर प्लेट चोरी होने के बाद विद्यालय में बच्चों के लिए पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।

विद्यालय की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग

प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पुलिस प्रशासन से विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कथित रूप से असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना जरूरी है, ताकि सरकारी संपत्ति सुरक्षित रहे और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

अब देखना है कि विद्यालय परिसर में हो रही इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top