गावां-माल्दा बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं, दुकानदार व आम लोग परेशान

गावां-माल्दा बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं, दुकानदार व आम लोग परेशान

नाली निर्माण की मांग तेज

डीजे न्यूज, गावां, गिरिडीह : गावां और माल्दा बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नालियों के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता है और जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बन जाती है। इसके कारण राहगीरों, दुकानदारों और बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दोनों बाजारों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर फैली गंदगी से बाजार का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, दुकानों तक पहुंचने में ग्राहकों को परेशानी होने से कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका बनी रहती है।

स्वच्छता व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

गावां और माल्दा बाजार की इस स्थिति ने स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार जैसे व्यस्त स्थानों पर नाली और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होना जरूरी है। नियमित साफ-सफाई के अभाव में समस्या और गंभीर हो जाती है।

नाली निर्माण की मांग

स्थानीय लोगों ने सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों से गावां तथा माल्दा बाजार में नाली निर्माण कराने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बाजार में गंदगी और जलजमाव से परेशानी बनी रहेगी। अब देखना है कि संबंधित अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top