पचंबा गौशाला में 17 नवंबर से सजेगा गोपाष्टमी मेले का दरबार 

पचंबा गौशाला में 17 नवंबर से सजेगा गोपाष्टमी मेले का दरबार 

फूलों की सजावट और नए झूले होंगे खास आकर्षण

डीजे न्यूज,पचंबा, गिरिडीह : पचंबा स्थित श्री गोपाल गौशाला में ऐतिहासिक 129वें गोपाष्टमी मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 17 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए मेला समिति जुट गई है। तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और मेले की साज-सज्जा सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

मेले में इस बार मूर्तिघर, नए झूले और रानीगंज से आने वाली विशेष टीम द्वारा की जाने वाली फूलों की सजावट आकर्षण का केंद्र बनेगी। दस दिनों तक चलने वाले मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे लोगों को मनोरंजन के साथ उत्सव का माहौल मिलेगा। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा बलों की तैनाती, बिजली की समुचित व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों पर चर्चा हुई। झूलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ भीड़ प्रबंधन के लिए वॉलंटियर्स की टीम भी तैयार की गई है। मेला कमेटी के संयोजक मुकेश साहू, गौशाला के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकानिया और सचिव प्रवीण बागड़िया ने कहा कि मेले को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समिति का लक्ष्य है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top