अब हाईवे के पेट्रोल पंपों पर मिलेगी प्राथमिक उपचार की सुविधा

अब हाईवे के पेट्रोल पंपों पर मिलेगी प्राथमिक उपचार की सुविधा

गोल्डन ऑवर में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर जोर, पेट्रोल पंप कर्मियों को सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण

सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए धनबाद पुलिस की पहल

 डीजे न्यूज, धनबाद : गुरुवार को डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, सीपीआर की सुविधा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना के बाद बहुमूल्य समय में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ट्रैफिक पुलिस, जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य, सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह, राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित विभिन्न पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि तथा पेट्रोल पंप संचालक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना था।

बैठक के दौरान डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों में प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में गोल्डन ऑवर के दौरान यदि घायल को समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना बढ़ सकती है।

इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित पेट्रोल पंपों को आपातकालीन सहायता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इसके तहत पेट्रोल पंपों पर आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ वहां कार्यरत कर्मचारियों को भी दुर्घटना के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया जाएगा। बैठक में पेट्रोल पंपों पर कार्यरत कर्मचारियों को चिह्नित कर उन्हें विशेष मेडिकल ट्रेनिंग देने की योजना पर भी चर्चा की गई। इन कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण देकर ‘जीवन दूत’ के रूप में तैयार करने की दिशा में कार्य शुरू किया गया है। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह है कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी व्यक्ति को एंबुलेंस या अस्पताल पहुंचने तक आवश्यक प्रारंभिक सहायता मिल सके और आपात स्थिति में प्रशिक्षित कर्मी तत्काल मदद के लिए आगे आ सकें।

धनबाद पुलिस की इस पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पेट्रोल पंपों पर प्राथमिक उपचार की सुविधा और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता से दुर्घटनास्थल के आसपास ही घायलों को शुरुआती चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इससे अस्पताल पहुंचने में लगने वाले समय के दौरान उत्पन्न होने वाले जोखिम को कम करने तथा बहुमूल्य जीवन बचाने में मदद मिल सकती है।

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता, दुर्घटना के बाद त्वरित प्रतिक्रिया और प्राथमिक चिकित्सा की उपलब्धता सुनिश्चित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। धनबाद पुलिस का प्रयास है कि सड़क दुर्घटना की की स्थिति में समय पर सहायता उपलब्ध हो और हर संभव प्रयास से लोगों का जीवन सुरक्षित रखा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top