गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में अंडर-15 और अंडर-17 के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में अंडर-15 और अंडर-17 के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

 कल्पना सोरेन ने प्रतियोगिता का किया उदघाटन 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल के माध्यम से जिले और राज्य का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं के मुकाबले खेले जा रहे हैं। उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न मुकाबले शुरू हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। समारोह में डीडीसी स्मृता कुमारी, एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, सतविंदर सिंह सलूजा, बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी, सुनील मोदी, सचिव नागेंद्र कुमार, रोहित श्रीवास्तव, नितेश और विक्रम लाहिड़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए 12 अंपायरों की टीम तैनात की गई है। अंपायर मुकाबलों में निष्पक्ष निर्णय और खेल नियमों का पालन सुनिश्चित कर रहे हैं। एसोसिएशन के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top