बिहार के एटीएम ठग गिरोह का धनबाद पुलिस ने किया पर्दाफाश, सिटी सेंटर से दो शातिर गिरफ्तार

बिहार के एटीएम ठग गिरोह का धनबाद पुलिस ने किया पर्दाफाश, सिटी सेंटर से दो शातिर गिरफ्तार

हेल्पलाइन नंबर के नाम पर उड़ाते थे 50 हजार तक

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद थाना में 27 अक्टूबर को दर्ज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार की संध्या करीब 7 बजे सूचना मिली कि सिटी सेंटर के पास एटीएम से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले दो व्यक्तियों को पकड़कर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के लिए धनबाद थाना के गश्ती दल के पदाधिकारी पहुंचे तो वादी ने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसा निकालने आए थे तो उनका एटीएम किसी कारण से एटीएम मशीन में फंस गया। तब पीछे खड़े अभियुक्त ने बोला कि आप एटीएम का गुप्त पिन नंबर डालिए तो एटीएम कार्ड मशीन से बाहर निकल जाएगा। उसी दौरान पीछे खड़े अभियुक्त ने वादी का गुप्त पिन नंबर देख लिया।लेकिन ATM कार्ड मशीन से बाहर नहीं आने पर पीछे खड़े अभियुक्त द्वारा हेल्प लाइन नंबर- 7665097917 पर कॉल करने को बोला गया। वादी ने उक्त नंबर पर कॉल किया तो पेट्रोल पंप के पास बुलाया गया। जब वादी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो वहां किसी व्यक्ति को नहीं पाया। तब वादी वहां से पुनः ATM के पास आए तो देखे कि उस जगह पर न ही कोई व्यक्ति मौजूद था और न ही ATM मशीन में ATM कार्ड था। कुछ समय बाद वादी के मोबाइल पर शाम 6:45 बजे 15,000 रुपये कटने का एवं 6:59 बजे रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये की निकासी का मैसेज आया। उसके बाद वादी अपने जान पहचान के लोगों के साथ सिटी सेंटर स्थित रानी सती ज्वेलर्स दुकान पहुंचे और दुकानदार से पूछताछ करने पर दुकानदार ने बताया कि दो व्यक्ति आया हुआ था जिसमें एक हाफ पैंट एवं दूसरा जींस पैंट पहना हुआ था जो अभी तुरंत खरीदारी करके बाहर गया है। उसी समय वादी के मोबाइल पर फिर शाम करीब 7:10 बजे बाटा इंडिया दुकान से 2,000 रुपये निकासी का मैसेज आया तो वादी एवं उनके साथ आए व्यक्तियों के साथ बाटा इंडिया दुकान पर गए तो दो व्यक्तियों को बाटा इंडिया दुकान से एक थैला लेकर एक्सिस बैंक के ATM की ओर जाते हुए देखा, तब सभी के द्वारा उसी जगह पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ये लोग बिहार एवं झारखंड राज्य के विभिन्न शहरों में ATM मशीन में छेड़छाड़ करके ATM कार्ड फंसने पर ATM कार्डधारी को गलत हेल्प नंबर का झांसा देकर ATM मशीन से ATM कार्ड लेकर भाग जाते हैं तथा चुराए ATM कार्ड से शॉपिंग एवं पैसा निकासी करते हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम-पता:नितीश कुमार, उम्र 26 वर्ष, पिता अजय कुमार, सा०- लखमोहना, थाना अकबरपुर, जिला- नवादा (बिहार)सौरभ कुमार, उम्र 24 वर्ष, पिता पंकज कुमार, सा०- नवादा न्यू एरिया, थाना नगर, जिला- नवादा (बिहार)आपराधिक इतिहास: नितीश कुमार के विरुद्ध साइबर क्राइम थाना देवघर कांड सं0- 41/2023, दिनांक 19.09.2023, धारा- 419/420/120बी भा०द०वि० एवं 66बी/66सी आईटी एक्ट का मामला दर्ज है। बरामद सामानों की विवरणी: तीन जोड़ी बाटा कंपनी का चप्पल।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top