मरांग बुरु महा सम्मेलन में शामिल होने का हेमंत सोरेन को न्योता, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

मरांग बुरु महा सम्मेलन में शामिल होने का हेमंत सोरेन को न्योता, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में संथाल समाज के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गिरिडीह के पीरटांड़ स्थित मरांग बुरु, मधुबन में 4 और 5 नवंबर को आयोजित होने वाले **‘मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन-2026’** में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इसके साथ ही 22 से 24 नवंबर तक बोकारो के टीटीपीएस, ललपनिया में आयोजित होने वाले **‘26वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सामाजिक-सारना धर्म सम्मेलन-2026’** में भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

 

प्रतिनिधिमंडल में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ और मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन से जुड़े सदस्य शामिल थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को दोनों महासम्मेलनों की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी।

 

**देश-विदेश से जुटेंगे सरना धर्मावलंबी**

 

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दोनों महासम्मेलनों में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से सरना धर्मावलंबियों के शामिल होने की उम्मीद है। इन आयोजनों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के संरक्षण के साथ जनजातीय एकता को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।

 

**आदिवासी पहचान और परंपरा के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध सरकार : हेमंत सोरेन**

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारी पहचान और अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

 

इस अवसर पर राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा, हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू, सोनाराम मांझी सहित संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top