बलियापुर में ट्रांसफार्मर के क्वायल व कॉपर केबल की लूट

बलियापुर में ट्रांसफार्मर के क्वायल व कॉपर केबल की लूट

कर्मियों को बंधक बनाकर वारदात को दिया अंजाम

बलियापुर थाना क्षेत्र के कुसमाटांड़ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की घटना

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के कुसमाटांड़ स्थित पीएचईडी विभाग के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार की रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने प्लांट के कर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सामान लूट कर चलते बने। अपराधियों ने चार सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और हार्ड डिस्क अपने साथ में लेते गए।‌
अपराध को अंजाम देने के तीन घंटे के दौरान अपराधियों ने प्लांट के अंदर शराब का भी सेवन किया और बोतल वहीं फेंक दिया। बंधक बने कर्मियों के अनुसार अपराधियों की संख्या डेढ़ दर्जन से भी अधिक थी। बंधन मुक्त होने के बाद कर्मियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात की।

घटना की कहानी कर्मियों की जुबानी

बंधक बने कर्मियों के अनुसार सभी अपराधी चेहरा ढके हुए थे। अपराधी प्लांट के बाउंड्री के पीछे से अपने साथ लाए बांस के सहारे अंदर प्रवेश किया। टंकी के रास्ते छत पर फिर वहां से रेस्ट रूम पहुंचा। अपराधियों ने सुपरवाइजर सुमित कुमार, नाइट गार्ड बंकू गोराई एवं धीरू रवानी को कब्जे में कर लिया।
तीनों को रेस्ट रूम में गमछा एवं रस्सी से हाथ बांध दिया। मोबाइल भी कब्जे में कर लिया। बंधक बने कर्मियों की निगरानी के लिए 5 से 6 अपराधी वहीं रहे।
अन्य अपराध कर्मियों ने सबसे पहले प्लांट के पैनल का लाइन काट दिया। फिर 500 केवी का ट्रांसफार्मर को नीचे गिराया और उसके अंदर के कीमती पार्ट्स पुर्जे, प्लांट में मोटर के लिए लगाए गए भूमिगत कॉपर के केबल काटा। इसके बाद प्लांट के रेंच आदि सामान लूट लिए। भुक्तभोगी कर्मियों के अनुसार सभी अपराधी रात करीब 11:30 बजे प्लांट के अंदर घुसे। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रात करीब 2:40 बजे मुख्य दरवाजे के ताला तोड़कर भाग निकले। जाते-जाते अपराधियों ने सभी स्टाफ का मोबाइल फोन फेंक दिया। लूटपाट की घटना की सूचना पाकर विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी आदि प्लांट पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात अपराधियों की अविलंब गिरफ्तार करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।
मालूम हो कि नवंबर 2025 में अपराधियों ने इसी प्लांट में वारदात को अंजाम दिया था।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top