पंचमुखी मंदिर के पास मिला 32 वर्षीय युवक का शव, पत्नी ने ससुरालवालों पर लगाया मारपीट का आरोप
डीजे न्यूज, चिरकुंडा,धनबाद : चिरकुंडा थाना क्षेत्र के पंचमुखी मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह एक 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोनारडंगाल निवासी राहुल शर्मा के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के पिता विधूत शर्मा ने बताया कि उनका बेटा राहुल खाता-पीता था। करीब चार दिन पहले ही राहुल अपनी पत्नी के साथ अलग मकान में रहने चला गया था। राहुल के दो बेटे हैं, जिनमें से एक उनके साथ रहता है। शुक्रवार की सुबह बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे।
इधर, मृतक की पत्नी ने ससुरालवालों पर राहुल के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि चार दिन पहले ही दोनों अलग होकर रहने लगे थे। इसके बाद शुक्रवार की सुबह राहुल की मौत की सूचना मिली।
हालांकि, राहुल की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।