धनबाद पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, अगस्त में 450 मामलों का निष्पादन
डीजे न्यूज, धनबाद : जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अगस्त माह में पुलिस ने नए दर्ज मामलों से अधिक पुराने कांडों का निष्पादन कर लंबित मामलों के बोझ को कम करने में सफलता हासिल की है। अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कई निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि अगस्त में जिले के विभिन्न थानों में कुल 406 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 450 कांडों का निष्पादन किया। नए मामलों की तुलना में अधिक कांडों के निष्पादन के कारण लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब 1700 रह गई है। उन्होंने अगले दो महीनों में लंबित कांडों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अपराध समीक्षा के दौरान न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। पुलिस ने अगस्त में करीब 400 लंबित वारंटों का निष्पादन किया। एसएसपी ने दागी व्यक्तियों का दोबारा सत्यापन करने के साथ फरार और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश दिया।
बैठक में चोरी, गृहभेदन और बाइक चोरी के मामलों पर भी विशेष फोकस किया गया। पुलिस अधिकारियों को लंबित अनुसंधान जल्द पूरा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और चोरी की संपत्ति बरामद करने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी अगस्त में पुलिस की कार्रवाई जारी रही। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से करीब 69 लाख रुपये का चालान वसूला गया।
एसएसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की गश्त, निगरानी और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अगस्त में कोई बड़ी वारदात या संगठित अपराध की घटना सामने नहीं आने को पुलिस की सक्रियता का परिणाम माना गया। आने वाले दिनों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों पर कार्रवाई को और तेज करने का निर्देश दिया गया।