कतरास व बाघमारा की खबरें:-
फरार आरोपित गिरफ्तार
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास पुलिस ने बुधवार रात फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया। थानेदार प्रवीण कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने खास गोविंदपुर निवासी प्रकाश डोम को गिरफ्तार किया। वह 2014 के एक मामले में आरोपित है। गुरुवार को पुलिस उसे अदालत ले गई, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
—————————————————–
लायंस क्लब बाघमारा का पदस्थापना सह चार्टर्ड नाइट समारोह संपन्न
कतरास:
लायंस क्लब बाघमारा का पदस्थापना सह चार्टर्ड नाइट समारोह बुधवार को हरिणा कालोनी स्थित सुभाष भवन में आयोजित किया गया। समारोह में लायंस जिला 322ए की जिला पाल पीएमजेएफ लायन शुभ्रा मजूमदार, पदस्थापना पदाधिकारी द्वितीय उप जिला पाल एमजेएफ लायन सुजीत कुमार तथा इंडक्शन ऑफिसर पूर्व जिला पाल एमजेएफ लायन सिद्धार्थ मजूमदार उपस्थित थे। उन्होंने लायन मनोज कुमार महथा, लायन सतीश मोदी एवं लायन सुनैना जमुआर को नए सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। समारोह के दौरान पदस्थापना पदाधिकारी लायन सुजीत कुमार ने सत्र 2026-27 के लिए चयनित नई टीम के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। लायन हिमांशु शेखर जमुआर ने अध्यक्ष, लायन एसएन राय ने सचिव तथा लायन चंदन मिश्रा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके अलावा लायन किशुन लाल महतो ने प्रथम उपाध्यक्ष, लायन सुनील कुमार ने द्वितीय उपाध्यक्ष, लायन सीताराम गोस्वामी ने संयुक्त सचिव तथा लायन उमेश दास ने संयुक्त कोषाध्यक्ष के रूप में शपथ ली। नई टीम में लायन मिथिलेश कुमार एडमिनिस्ट्रेटर, लायन सुभाष चंद्र बरनवाल पीआरओ, लायन प्रबीर राय क्लब सर्विस चेयरपर्सन, लायन डॉ. मनोज सिंह को-सर्विस चेयरपर्सन, लायन टिल्लू महतो एलसीएफ कोऑर्डिनेटर, लायन डॉ. मुकेश राय मेंबरशिप चेयरपर्सन, लायन गोपाल अग्रवाल लीडरशिप चेयरपर्सन, लायन डॉ. आलोक सयनंदन साइट फर्स्ट चेयरपर्सन, लायन शशि माहथा फंड रेजिंग चेयरपर्सन तथा लायन सीताराम हेलिवाल फंड रेजिंग को-चेयरपर्सन बनाए गए हैं। इसी प्रकार लायन खुशवंत देवा क्लब एनवायरनमेंट चेयरपर्सन, लायन दिलीप अग्रवाल फूड फॉर हंगर चेयरपर्सन, लायन सुबोध कुमार राय फूड फॉर हंगर को-चेयरपर्सन, लायन रविशंकर पांडेय टाइमर, लायन संजय बरनवाल टेल ट्विस्टर, लायन सौमैन सरकार क्लब एक्सटेंशन चेयरपर्सन, लायन निरंजन अग्रवाल को-क्लब एक्सटेंशन चेयरपर्सन, लायन डॉ. एमके तिवारी क्लब हेल्थ चेयरपर्सन तथा लायन दीपक गुप्ता को-क्लब हेल्थ चेयरपर्सन बनाए गए। लायन निगम कुमार वन डिस्ट्रिक्ट वन एक्टिविटी चेयरपर्सन, लायन प्रदीप्तो चटर्जी कैंसर अवेयरनेस चेयरपर्सन, लायन फ्याज आलम कैंसर अवेयरनेस को-चेयरपर्सन, लायन किरण देवी वूमेन इंप्रूवमेंट चेयरपर्सन, लायन बबीता देवी को-वूमेन इंप्रूवमेंट चेयरपर्सन, लायन नीरज राय लिटरेसी चेयरपर्सन तथा लायन लीना देवी को-लिटरेसी चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालेंगी। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के रूप में लायन डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लायन सुभाष अग्रवाल, लायन रघुनाथ महतो, लायन मिथिलेश कुमार, लायन डॉ. मुकेश राय, लायन शशि माहथा, लायन प्रबीर राय, लायन दिलु महतो तथा लायन गोविंद हेलिवाल ने भी शपथ ली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शुभ्रा मजूमदार एवं अन्य अतिथियों ने क्लब की वार्षिक स्मारिका ‘उमंग’ का विमोचन किया। इससे पूर्व सचिव नीरजा राय ने क्लब द्वारा पिछले वर्ष किए गए सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। निवर्तमान अध्यक्ष संगीता देवी ने अपने कार्यकाल में क्लब के सभी कार्यक्रमों में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने के लिए सदस्यों के प्रति आभार जताया तथा नई टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार ज्ञानपीठ विद्यालय हरिणा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ। समारोह के अंत में लायन सीताराम हेलिवाल की भाभी शोभा हेलिवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह में लायन सोमनाथ पूर्ती, डॉ. स्वतंत्र कुमार, प्रशांत पांडेय, मदन मोहन चौधरी सहित धनबाद एवं आसपास के विभिन्न लायंस क्लबों के सदस्य व पदाधिकारी मौजूद थे।
—————————————————–
बीसीसीएल कर्मियों को बंधक बना 250 मीटर केबल की लूट
कतरास :
रामकनाली ओपी क्षेत्र के रामकनाली कोलियरी की बंद तीन नंबर भूमिगत खदान में अपराधियों ने तीन बीसीसीएल कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 250 मीटर कॉपर केबल काटकर लूट लिया। केबल चोरी होने से आसपास के इलाके में पिट वाटर की आपूर्ति भी ठप हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी के सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार, सीनियर ओवरमैन राजेश मंडल, रामकनाली ओपी पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान खदान के अंदर करीब 10 पीलर तक केबल काटे जाने की बात सामने आई है।
भुक्तभोगी कर्मियों के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे 15-20 की संख्या में अपराधियों का दल पंखा घर में लगी रॉड को क्षतिग्रस्त कर अंदर दाखिल हुआ। अपराधियों के हाथों में लाठी-डंडे, रॉड, आरी और सब्बल थे। उन्होंने माइनिंग सरदार संजय प्रसाद, गार्ड सोमर मांझी और लटन दास का केपलैंप छीन लिया और तीनों को एक जगह बैठा दिया। इसके बाद अपराधियों ने केबल काटना शुरू कर दिया।
करीब एक घंटे तक केबल काटने के बाद अपराधियों ने कर्मियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद करीब 250 मीटर केबल काटकर ले गए। जाते समय अपराधियों ने केपलैंप को वहीं फेंक दिया और जिस रास्ते से खदान में प्रवेश किया था, उसी रास्ते से फरार हो गए।
सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार ने बताया कि सुबोध बाउरी नामक गार्ड को ऊपर तैनात किया गया था। अपराधियों का दल पंखा घर के रास्ते अंदर घुसा और घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।