‘हरे कृष्ण’ के जयघोष से गूंजा धनबाद, जन्माष्टमी महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

‘हरे कृष्ण’ के जयघोष से गूंजा धनबाद, जन्माष्टमी महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

डीजे न्यूज, धनबाद : इस्कॉन वृन्दावन विहार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वृंदावन जन्माष्टमी महोत्सव का बुधवार को क्लार्क्स इन रिजॉर्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्म कथा एवं भक्तिमय कीर्तन में शामिल होकर भक्ति के रंग में रंग गए।

कार्यक्रम के दौरान कथावाचक सुन्दर गोविन्द प्रभु ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद आयोजित सामूहिक कीर्तन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति गीतों और ‘हरे कृष्ण’ के जयघोष से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।

इस्कॉन धनबाद की ओर से तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कथा, कीर्तन और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रबंधक श्रीमंत सुंदर गोविंद दास ने बताया कि 2 से 4 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में अधिवास समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभुपाद लीलामृत, भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग, महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। उन्होंने धनबादवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top