इस्तीफा वापस लेकर फिर संगठन की कमान संभालेंगे लाल बाबू सिंह कुशवाहा महासभा की आपात बैठक में बनी सहमति

इस्तीफा वापस लेकर फिर संगठन की कमान संभालेंगे लाल बाबू सिंह

कुशवाहा महासभा की आपात बैठक में बनी सहमति

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड कुशवाहा महासभा की संगठनात्मक स्थिति और आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर बुधवार को धनबाद के गांधी नगर स्थित कमलोदय भवन में आपात बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता सलाहकार समिति के संरक्षक अनिल सिंह ने की।
बैठक में आगामी संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के साथ-साथ धनबाद जिला अध्यक्ष लाल बाबू सिंह के इस्तीफे से उत्पन्न भ्रांतियों और संगठन की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष हाकिम प्रसाद महतो, केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों, जिला के आजीवन सदस्यों, चुनाव सलाहकार समिति के सदस्यों तथा समाज के प्रबुद्धजनों ने संगठन की एकता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर अपने विचार रखे।
बैठक में मौजूद सदस्यों और समाज के प्रबुद्धजनों ने जिला अध्यक्ष लाल बाबू सिंह से अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। संगठनहित और सदस्यों के आग्रह को देखते हुए लाल बाबू सिंह कुशवाहा ने अपना इस्तीफा वापस लेने की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हाकिम प्रसाद महतो ने लाल बाबू सिंह का इस्तीफा वापस लेने के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ववत समाज की सेवा करने तथा संगठन को मजबूत, एकजुट और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की एकता बनाए रखने और आगामी चुनाव को आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रशिक्षण प्रभारी संजय शान, प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र वर्मा, प्रदेश सचिव उचित महतो, जिला अध्यक्ष लाल बाबू सिंह, सविंद्र सिंह, राम प्रसाद महतो, सत्येंद्र प्रसाद, अशोक कुमार महतो, सतीश प्रसाद, उमेश कुशवाहा, प्रियांशी नारायण महतो, रमाशंकर सिंह, मुन्ना प्रसाद, विजय कुमार, यशपाल सिंह कुशवाहा, कमलेश कुमार सिंह, अवधेश सिंह, तारकेश्वर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top