भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब एनआईए ने शुरू की जांच

भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब एनआईए ने शुरू की जांच
डीजे न्यूज, धनबाद : भगौड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के पीछे अब तक धनबाद पुलिस के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों की पुलिस पड़ी हुई है, लेकिन अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी उसके खिलाफ जांच शुरू कर दिया है। इससे पहले रांची एसटीएफ भी अपनी कार्रवाई कर रही है। यह तय है कि एजेंसी की कार्रवाई पूरी होते ही प्रिंस खान को पाकिस्तान से भारत लाना आसान हो जाएगा। एक ओर एटीएस रांची ने जहां प्रिंस खान के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी कराने के लिए इंटरपोल से आग्रह किया है, वहीं दूसरी ओर उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया जा रहा है।
एनआईए कर रही विभिन्न दस्तावेजों और लेनदेन की जांच : प्रिंस खान के नेटवर्क को ध्वस्त करने में धनबाद समेत राज्य के विभिन्न थानों की पुलिस का बड़ा योगदान रहा है। विशेष रूप से धनबाद पुलिस ने उसके खास मेजर समेत 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही कइयों का एनकाउंटर भी किया है। जब एनआईए उसे संबंधित दस्तावेजों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। पिछले कई दिनों से एनआईए की टीम धनबाद में रहकर अपनी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार एनआईए उसके लोगों के बैंक दस्तावेजों के अलावा अपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
2021 में प्रिंस खान अवैध तरीके से भागा दुबई : हैदर अली उर्फ प्रिंस खान वर्ष 2021 में धनबाद से दुबई भाग गया था। उसने पासपोर्ट बनवाया और यहां से निकल गया। यहां से दुबई जाने के बाद उसने वहां गैर कानूनी तरीके से अपनी पहचान बदलकर रहने लगा। लेकिन लगातार धनबाद पुलिस की सक्रियता से बढ़ते दबाव के कारण फरवरी 2026 में उसने पाकिस्तान में शरण ली। हालांकि वह यहां से अपने गैंग को संचालित कर रहा था, लेकिन धनबाद पुलिस की सक्रियता से उसके गुर्गे पुलिस की गिरफ्त में आते गए। कई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए जो अब चलने के काबिल भी नहीं हैं। ऐसे में प्रिंस खान के रंगदारी का धंधा मंदा पड़ने लगा।
प्रिंस के सहयोगियों पर भी एनआईए की नजर : एनआईए केवल प्रिंस खान, गोपी खान, ऋत्विक खान समेत उसके गुर्गों की ही जांच नहीं कर रही, बल्कि उसे व्यवसायियों को फोन नंबर उपलब्ध कराने वालों, सहयोगियों और उन सफेदपोशों पर भी नजर रख रही है जो उसके मददगार रहे हैं। वैसे लोग भी एनआईए के रडार पर हैं जो प्रिंस खान को आर्थिक सहयोग और उसे सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने का काम करते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top