गिरिडीह में विकास योजनाओं की विधानसभा समिति ने की समीक्षा

गिरिडीह में विकास योजनाओं की विधानसभा समिति ने की समीक्षा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को गिरिडीह पहुंचकर जिले में संचालित विकास योजनाओं और विधानसभा के लंबित अनागत प्रश्नों की प्रगति की समीक्षा की। समिति के अध्यक्ष सह देवघर विधायक सुरेश पासवान एवं अन्य सदस्यों का उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी तथा नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इसके बाद नया परिसदन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं, विधानसभा के अनागत प्रश्नों के निष्पादन और जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समिति को जिले में संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जिला प्रशासन सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने सभी विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विधानसभा के अनागत प्रश्नों का तथ्यपरक एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।

 

उप विकास आयुक्त ने बैठक में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को समिति के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया, ताकि जिले के विकास कार्यों में और तेजी लाई जा सके।

बैठक के दौरान विभागवार योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने समिति को भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top