एबीवीपी के गिरिडीह जिला संयोजक बने नीरज चौधरी
विजय झा बने विभाग संयोजक
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड का चार दिवसीय प्रदेश अभ्यास वर्ग 12 से 15 जून 2026 तक सीवी रमन ग्लोबल विश्वविद्यालय कोडरमा में संपन्न हुआ। समापन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मौसमी पॉल ने सत्र 2026-27 के लिए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की।
जिसमें नीरज चौधरी को गिरिडीह जिला संयोजक और विजय झा को विभाग संयोजक मनोनीत किया गया। संगठन ने दोनों के समर्पण, सक्रिय कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह दायित्व सौंपा है। मनोनयन से गिरिडीह विभाग के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। नवनियुक्त जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि वे परिषद की विचारधारा के अनुरूप पूर्ण निष्ठा और समर्पण से दायित्व निभाएंगे। विद्यार्थी हित और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन विस्तार को प्राथमिकता देंगे। कार्यकर्ताओं के सहयोग से गिरिडीह जिले में परिषद को नई ऊंचाई तक ले जाने का प्रयास करेंगे। अभ्यास वर्ग में संगठन के आगामी कार्यों, वैचारिक दिशा और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। एबीवीपी को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में गिरिडीह विभाग में संगठन का कार्य और अधिक प्रभावी होगा।