उपायुक्त ने जनता दरबार में कई समस्याओं का किया मौके पर समाधान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड समेत जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं।
उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदनों की समीक्षा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के शीघ्र निष्पादन का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका नियमानुसार निपटारा तुरंत किया जाए। जनता को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने की भी हिदायत दी गई।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।