बाल मजदूरी के खिलाफ चलाया जनजागरूकता अभियान
डीजे न्यूज, धनबाद : विश्व बाल श्रमिक निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट ने बाल मजदूरी के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन धनबाद में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेल पुलिस एवं चाइल्ड लाइन, बस स्टैंड बरटांड आदि स्थानों में जगरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, बाल कल्याण समिति में बैठक कर जून माह में सघन रेस्कीयू कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया।
झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के निदेशक शंकर रवानी ने कहा कि जून महीने को बाल श्रम के खिलाफ ‘एक्शन मंथ’ के तौर पर मनाया जाता है। बच्चों की ट्रैफिकिंग बाल मजदूरी का मुख्य कारण है, इसलिए नागरिक, समाज संगठन इस दौरान पुलिस व प्रशासन के साथ मिलकर दुर्व्यापारियों और उनके गठजोड़ की शिनाख्त के लिए कड़ी नजर रखते हैं।
इस मौके पर कानून लागू करने वाली एजेंसियों और जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग का वादा करते हुए कहा कि शोषण व मजदूरी से मुक्त कराए गए हर बच्चे के शिक्षा के अधिकार, सुरक्षा व गरिमा की आज एक बार फिर बहाली हुई है। बाल श्रम बच्चों को उनके बचपन और मूल अधिकारों से महरूम कर देता है। इस समस्या से तत्काल निपटने की जरूरत है। बच्चों की जगह ढाबों और फैक्ट्रियों में नहीं बल्कि स्कूल में है। हर बच्चे की देखभाल, समुचित पुनर्वास और सभी सुविधा उपलब्ध कराना दायित्व है।
मौके पर सहायक श्रमायुक्त प्रवीन कुमार, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी,बाल कल्याण समिति के ममता अरोड़ा,संध्या,नीतू कुमारी,सब इंस्पेक्टर मनीषा कुमारी,जीव लाल राम,मो0 सहजाद,मन्नु कुमार,झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के बिनोद महतो,सीता कुमारी,नइमुद्दीन अंसारी,दीपा रवानी,गुलनाज बानो एवं बेबी प्रियंका आदि उपस्थित थे।