हाइवा चालक की बेटी का नवोदय विद्यालय में  चयन प्राथमिक विद्यालय पासीटांड़ में चयनित छात्रा को किया सम्मानित

Advertisements

हाइवा चालक की बेटी का नवोदय विद्यालय में  चयन

प्राथमिक विद्यालय पासीटांड़ में चयनित छात्रा को किया सम्मानित

डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): बाघमारा प्रखंड के कुमारजोरी पंचायत अंर्तगत पासीटांड़ कॉलोनी की आरोही कुमारी का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय बेनागोड़िया निरसा में कक्षा सप्तम के लिए हुआ है। फिलहाल वह एमटी मध्य विद्यालय रामपुर में छठी कक्षा की छात्रा है। उसने पांचवी तक की पढ़ाई प्राथमिक विद्यालय पासीटांड़ से की है। छात्रा आरोही के पिता अखिलेश पासवान गोड्डा में निजी कंपनी में डंपर चालक हैं, जबकि मां बिंदु कुमारी गृहिणी हैं।
छात्रा को किया सम्मानित
शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय पासीटांड़ में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नवोदय विद्यालय में चयनित आरोही कुमारी व उसकी मां बिंदु कुमारी को सम्मानित किया गया।
जिप प्रतिनिधि जितेश रजवार ने कहा कि छात्रा आरोही की सफलता में शिक्षक और प्रबंध समिति का अहम योगदान है। इस क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह का सहयोग और सुझाव देंगे। उन्होंने अन्य बच्चों को भी आरोही की तरह ही आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रावि पासीटांड़ के प्रभारी प्रधानाध्यापक मथुरा रवानी ने छात्रा के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पठन-पाठन के मामले में वह काफी संघर्षशील रही है। अन्य छात्र-छात्राओं को भी आरोही से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
एमटी मध्य विद्यालय रामपुर के प्रधानाध्यापक सजीव प्रसाद ने कहा कि विद्यार्थी जब उचित स्थान हासिल करता है तो शिक्षक गौरवान्वित होते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का आह्वान अभिभावकों से करते हुए कहा कि पढ़ाई में कमी नजर आने पर शिक्षकों के समक्ष बात को रखें ताकि इसमें सुधार किया जा सके। मां सजग रहे तो बच्चों को मुकाम हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता।
मौके पर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि धनेश्वर महतो, मनोज पासवान, रेणु कुमारी, विष्णु रजवार, प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top